बिजुआ। जिस दिन मां की तेरहवीं थी, उसी दिन सड़क दुर्घटना में घायल बेटे ने भी दुनिया छोड़ दी। बस्तौली गांव निवासी पवन कुमार मिश्र (24) पुत्र सुरेश कुमार मिश्र सोमवार को मां किशोरी देवी (50) के दसवां संस्कार का सामान लेकर घर लौटते समय हादसे में घायल हो गए थे।
गुलरिया-बस्तौली मार्ग पर सड़क किनारे लगे डिवाइडर से उनकी बाइक टकरा गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुआ में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पवन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया था।
शुक्रवार को पवन कुमार की मां की तेरहवीं थी, उधर अस्पताल में पवन की मौत हो गई। जैसे-तैसे तेरहवीं का कार्यक्रम निपटाकर परिवार वाले पवन का शव लाने के लिए लखनऊ रवाना हो गए।
विडंबना देखिए कि मां के दसवां संस्कार के लिए सामान लाते समय घायल हुए पवन की चिता मां की तेरहवीं वाले दिन जलेगी। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। जो भी इस घटना को सुनता है, उसकी आंखें नम हो जाती हैं। बता दें कि उनकी मां का निधन छह जुलाई को बीमारी वजह से हुआ था।