खुटार। लखीमपुर की महिला ने दहेज के लिए ननद का उत्पीड़न और हत्या करने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर नौ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लखीमपुर के थाना मैलानी के गांव आंबेडकर नगर ग्रंट नंबर 10 निवासी राजीव कुमार की पत्नी मुन्नी देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी ननद रीतू सिंह की शादी 23 जून 2022 को खुटार के गांव हरिहरपुर निवासी सूरज से की थी। शादी में उन लोगों ने पांच लाख रुपये खर्च किए थे।
शादी के बाद से ही पति सूरज, ससुर छोटेलाल, सास प्रेमा देवी, देवर नीलेश, ननद लज्जा देवी, प्रियांशु देवी, रुचि देवी, जेठ रविंद्र कुमार और सुरेंद्र कुमार रीतू को पीटने लगे। कमरे में बंद कर कई-कई दिन खाना नहीं देते थे। आरोपी दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
रीतू के बताने पर उन लोगों ने समझाया, लेकिन उन्होंने प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। 18 मार्च को भी आठ माह की गर्भवती रीतू से मारपीट की गई, जिससे रीतू की मौत हो गई। जानकारी होने पर वह लोग मौके पर पहुंचे तो ससुराल के लोगों ने बताया कि रीतू बीमार थी, इलाज के दौरान मौत हुई है। उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने को कहा तो ससुराल वालों ने दबाव बनाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
अंतिम संस्कार के बाद वह रीतू के कमरे में गई तो वहां एक पत्र मिला, जिसमे रीतू ने अपने ऊपर हो रहे जुल्म के बारे में लिखा है। रीतू सिंह की हत्या ससुराल वालों ने दहेज के कारण की है। उन्हाेंने खुटार पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अधिकारियों ने भी सुनवाई नहीं की तो उन्होंने कोर्ट की शरण ली।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सभी नौ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।