गोला गोकर्णनाथ। विश्वकर्मा मंदिर के पास दो जालसाजों ने द्वारिकागंज निवासी अनीता पत्नी सतीश कुमार से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी ठग ली।
अनीता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 08 जुलाई की शाम 3:45 बजे वे विश्वकर्मा मंदिर के पास से गुजर रहीं थीं। तभी दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और बोले कि वे गुड़गांव में एक मालिक के यहां काम करते हैं। वहां एलसीडी साफ करते समय टूट गई है। मालिक ने उन्हें मारा और गुस्से में आकर पैसे भी छीन लिए। दोनों ने यह कहकर विश्वास दिलाया कि वे मालिक से पैसे लेकर भाग आए हैं।
बातो़ं में उलझाकर ठगों ने एक कपड़े में लिपटी मोटी गड्डी महिला के झोले में रख दी और बदले में महिला से कान के कुंडल, नाक की बाली, काले मोती की माला, जिसमें सोने का लॉकेट था, दो चांदी की पायल, 1500 नकद और मोबाइल ले लिया। कुछ देर बाद जब महिला ने गड्डी खोलकर देखी तो उसमें सिर्फ ऊपर एक 20 का नोट और बाकी केवल कागज के टुकड़े थे। महिला ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद