लखीमपुर खीरी/ धौरहरा। गुटखा खरीदने पहुंचा युवक दुकान के बाहर लगे बिजली के बोर्ड के पास खुले तार के संपर्क में आकर चिपका रह गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने शव रख कर निघासन-सिसैया रोड पर जाम लगा दिया। केस दर्ज करने और मुआवजे के आश्वासन पर वे शांत हुए। इस दौरान तीन घंटे तक आवागमन ठप रहा।
रमियाबेहड़ निवासी 18 वर्षीय मोनू गुप्ता पुत्र बच्चूलाल शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे घर के पास स्थित शुक्ला पान भंडार पर गुटखा खरीदने गया था। दुकान के बाहर लगे बिजली बोर्ड के पास निकले तार की चपेट में आ गया। मोनू को काफी देर तक एक ही स्थिति में खड़ा देख चाट बेच रहे दुकानदार जितिन दास को अनहोनी की आशंका हुई, तो बचाने की कोशिश में वह भी करंट की चपेट में आ गया। मोनू और चाट दुकानदार को इलाज के लिए सीएचसी रमियाबेहड़ लाया गया। जहां मोनू गुप्ता को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार दोपहर मोनू का शव गांव पहुंचा को परिवार में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने शव रखकर निघासन-सिसैया रोड पर जाम लगा दिया। पान दुकान संचालक उमेश कुमार, आकाश व नितिन पर केस दर्ज कर गिरफ्तार किए जाने, 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। सूचना पर थानाध्यक्ष पढुआ हनुमंत लाल तिवारी, सीओ निघासन राजेश कुमार, तहसीलदार धौरहरा आदित्य विशाल मौके पर पहुंचे। एसडीएम धौरहरा धीरेंद्र सिंह ने नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने व आरोपियों पर केस दर्ज करने के आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
वाहनों की कतार, राहगीर परेशान, बाजार भी बंद
परिजनों के प्रदर्शन की वजह से निघासन-सिसैया रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी। कार और बाइक चालक भी जाम में फंसे रहे। जाम की वजह से वाहन चालकों को तीन घंटे से अधिक समय तक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं रमियाबेहड में बाजार भी बंद रहा।
मृतक मोनू का फाइल फोटो
मृतक मोनू का फाइल फोटो
मृतक मोनू का फाइल फोटो