लखीमपुर खीरी के खमरिया क्षेत्र में शनिवार को एक बुजुर्ग ने ऐरा पुल से शारदा नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई।
लखीमपुर खीरी के थाना खमरिया क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बने ऐरा पुल से बुजुर्ग व्यक्ति ने शारदा नदी में छलांग लगा दी। बुजुर्ग के छलांग लगाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी। घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है, दोपहर तीन बजे तक बुजुर्ग का पता नहीं लग सका।
विज्ञापन
घटना के बाद पुल पर पहुंचे बुजुर्ग के पुत्र राम किशुन ने बताया कि उनके पिता श्रीराम (60) गांव डंडपुरवा मजरा शेखनापुर थाना लहरपुर जिला सीतापुर के रहने वाले हैं। शनिवार को श्रीराम ने अपनी विवाहित पुत्री को कॉल कर नदी में कूदकर आत्महत्या करने की बात कही थी। फोन पर सूचना मिलते ही पुत्री ने अपने भाईयों को सूचना दी। इस पर परिवार के लोग ऐरा पुल पर पहुंचे।
परिजनों को पुल पर श्रीराम की साइकिल, चप्पल, मोबाइल और शर्ट मिली। बुजुर्ग के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मनबोध तिवारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक मनबोध तिवारी ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है। एनडीआरएफ टीम के लिए उपजिलाधिकारी धौरहरा को सूचना दी गई।