फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशासन ने 46 कब्जेदारों से खाली कराई भूमि

Thu, 11 Jan 2018 07:34 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
encroachment - फोटो : amarujala
विज्ञापन
राजस्व अभिलेखों में दर्ज आरक्षित भूमि पर वर्षों से कब्जा जमाए बैठे अवैध कब्जेदारों पर प्रशासन ने बुधवार को चाबुक चलाया। सदर तहसील प्रशासन ने चार गावों में चकमार्ग, खलिहान और तालाब की जमीनों से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। गेहूं, सरसों और सब्जी आदि फसलों को जुतवाकर जमीन खाली कराई।
विज्ञापन

सदर तहसीलदार राजेश चंद्र ने बताया कि फूलबेहड़ क्षेत्र के पिपरामरोडा गांव में गाटा संख्या 110, 118, 112 और 264 राजस्व अभिलेखों में खलिहान, नर्सरी दर्ज है। गांव के कुछ लोगों ने 1.003 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं, सरसाें, आलू, मसूर आदि फसल बोकर अवैध कब्जा कर रखा था। प्रशासन ने बुधवार को फसल जुतवाकर अवैध अतिक्रमण खाली कराया गया। डिंभौरा गांव में गाटा संख्या 395 व 657 की दर्ज खलिहान व 1093 पर दर्ज तालाब में फसल बोई मिली। गाटा संख्या 694 आरक्षित खाद गड्ढे में पक्का निर्माण मिला। यहां कुल 0.693 हेक्टेयर अवैध कब्जे को खाली कराया गया। 
तहसीलदार ने बताया कि बाजपेई गांव स्थित गाटा संख्या 231 खलिहान 437, 475, 558, 88 और 59 दर्ज चकमार्ग पर फसल बोई मिली। 0.365 हेक्टयर अवैध कब्जा खाली कराया गया। कालाआम में 0325 हेक्टयर भूमि से कब्जा हटाया गया। तहसीलदार राजेश ने बताया कि चार गावों में लगभग चार दर्जन अवैध कब्जेदारों से भूमि खाली कराई गई है। साथ ही उन्हें दोबारा कब्जा न करने की कड़ी हिदायत भी दी गई है। कार्रवाई के दौरान फूलबेहड़ इंस्पेक्टर केएन पांडेय समेत कई पुलिस कर्मी व राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन


लालापुर और भेड़ौरी में काबिज हैं कई बड़े भूमाफिया
बेलरायां खीरी। तहसील निघासन की ग्राम पंचायत लालापुर और भेड़ौरी में तालाबों और ग्राम पंचायत की भूमि पर कई दबंग काफी अर्से से काबिज हैं। थाना सिंगाही की ग्राम पंचायत लालापुर में स्थित हरद्वाही बाजार चौराहा पर ग्राम पंचायत की जमीन पर दुकानों का अवैध पक्का निर्माण हो रहा है। करीब 20 दिन पहले एसडीएम निघासन अखिलेश यादव ने इस अवैध निर्माण को रुकवा दिया था, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य चालू है, जबकि हल्का लेखपाल ने पैमाइश कर इसकी रिपोर्ट भी एसडीएम को दी थी, लेकिन अभी तक न तो अवैध निर्माण ढहाया गया और न ही तहसील प्रशासन उसे रोक सका। एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि शीघ्र ही अवैध निर्माण को हटवाकर जमीन कब्जे से मुक्त कराई जाएगी।
 
गांव बेला कलां व टॉपर में अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा 

अवैध कब्जा कर खेती कर रहे और पक्का निर्माण किए लोगों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को जहां बोझवा गांव में सार्वजनिक रास्ते पर झोपड़ी डाले और पक्के निर्माण किए लोगों को खदेड़ा गया था वहीं गुरुवार को बेला कलां और बेला टापर में पैमाइश कर अवैध कब्जा करने वालों को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।
तहसीलदार भगवानदीन वर्मा की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम और मझगईं चौकी पुलिस ने यह अभियान चलाया। लगातार मिल रही जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोनों गांवों में टीम पहुंची। ग्राम बेला टापर में गाटा संख्या 1326, 0.611 हेक्टेयर है जो कि चकमार्ग में दर्ज है। बावजूद इसके कुछ लोगों ने इस जमीन पर कब्जा कर लिया था और खेती करते चले आ रहे थे। टीम ने तुरंत ही पुलिस फोर्स की मौजूदगी में ट्रैक्टर लगाकर फसल जोत दी और प्रधान को निर्देशित किया कि इस जगह की पटाई करवा दें। ग्राम प्रधान अरविंद कुमार द्वारा शिकायत की गई कि बेला खुर्द में गाटा संख्या 1170, 0.182 हेक्टेयर भूमि जोकि श्मशान भूमि के खाते में दर्ज है उस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। जमीनी स्तर पर जांच करने पर टीम को शिकायत सही मिली। यहां से कब्जा हटवाने के साथ प्रधान को निर्देशित किया कि श्मशान के चारों ओर खाई खुदवा दी जाए। तहसीलदार ने भविष्य में यहां कब्जा न हो ये निर्देश लेखपाल अरविंद कुमार को दिए हैं। कई और जगहों पर भी टीम पहुंची और कब्जे हटाए। तहसीलदार ने बताया कि पिछले कुछ समाधान दिवसों में जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतें आ रहीं थीं, जिसको गंभीरता से लेते हुए अभियान शुरू किया गया है जो आगे भी जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें