लखीमपुर खीरी। राजापुर मंडी में धान खरीद की तैयारियां परखने पहुंचे अपर जिलाधिकारी बृजेश कुमार त्रिपाठी और जिला खाद्य विपणन अधिकारी को 17 राजकीय धान क्रय केंद्रों में से नौ के प्रभारी गैरहाजिर मिले।
आठ प्रभारी ही उपस्थित थे। इस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए गैरहाजिर प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में अधिकारियों ने नमी मापक यंत्र, तौल कांटों और धान की गुणवत्ता जांचने की व्यवस्था परखी।
नमूनों की जांच करने के साथ खरीद संबंधी अभिलेख देखे। भंडारित धान के रखरखाव, बोरियों की स्टैकिंग, तिरपाल से ढकने और खरीद संबंधी सूचना के बैनर की स्थिति भी जांची।
एडीएम ने निर्देश दिए कि शासन के निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पारदर्शी तरीके से खरीद की जाए। नमी और गुणवत्ता के मानकों का पालन हो, लेकिन बिना उचित कारण किसी किसान को केंद्र से लौटाया न जाए। तौल कांटे, नमी मापक यंत्र और अन्य उपकरण चालू हालत में रखने के साथ हेल्पलाइन नंबर व खरीद संबंधी जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के लिए भी कहा।