शहर के गढ़ी रोड स्थित उपकेंद्र की ओसीबी मशीन में एक चूहा घुसने से 10 मोहल्लों में छह से सात घंटे बिजली सप्लाई गुल रही। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद जब दोबारा सप्लाई जोड़ी गई तो फिर ओसीबी में धमाका हुआ और दो घंटे तक लोगों को बिजली कटौती से जूझना पड़ा।
छाउछ उपकेंद्र से निकली 33 केवीए बिजली लाइन से जुड़े गढ़ी उपकेंद्र में अलसुबह करीब सवा चार बजे ओसीबी में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। ओसीबी फुंकने के बाद बिजलीकर्मियों ने मरम्मत का कार्य शुरू किया। ओसीबी को दुरुस्त करने में बिजली कर्मियों को पांच घंटे लग गए।
इसके बाद फीडरों का लोड ओसीबी पर डाला गया तो कुछ देर बाद ही सरनापुरम फार्म में छाउछ से गढ़ी उपकेंद्र को जोड़ने वाली हाईटेंशन लाइन का जंफर उड़ गया। बिजली कर्मियों ने जंफर जोड़ने के बाद सुबह करीब 10 बजे फिर से फीडरों का लोड ओसीबी मशीन पर डाला, लेकिन कुछ देर बाद ओसीबी में दोबारा धमाका हुआ और बिजली सप्लाई बाधित हो गई। जिसे दुरुस्त करने में करीब डेढ़ से दो घंटे का समय लगा। दो बार ओसीबी फुंकने के कारण उपकेंद्र से जुड़े सभी शहरी और ग्रामीण फीडरों की बिजली सप्लाई ठप रही। इस कारण लोगों को बिजली के साथ-साथ पेयजल की दिक्कत का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती के बाबत जेई मनोज पुष्कर ने बताया कि ओसीबी मशीन में एक चूहा घुस गया था। जिसकी वजह से मोहल्ला सरनापुरम, शांतिपुरम, गोकुलपुरी, भटनागर कॉलोनी, संकटा देवी, हाथीपुर, हाथीपुर कोठार, अर्जुनपुरवा, निर्मलनगर, शिवपुरी समेत कई मोहल्लों की बिजली सप्लाई बाधित हुई।