तिकुनियां। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में रविवार को संपन्न होने वाले प्रबंध समिति के चुनाव में दो लोगों ने आपत्तियां दाखिल की हैं। इस बीच काफी गहमागहमी बनी रही। पक्ष-विपक्ष में नोकझोंक भी हुई है। पूर्व प्रबंधक आशीष अग्रवाल ने शांति व्यवस्था के लिए कोतवाली में प्रार्थनापत्र दिया।
रविवार को सुबह 10 बजे चुनाव प्रक्रिया के लिए पर्यवेक्षक गौरव सक्सेना, देवेंद्र कुमार निगम, चुनाव अधिकारी डॉ. शराफत अली, चुनाव सहप्रभारी प्रधानाचार्य बचन लाल और सभापति सत्य नारायण अग्रवाल ने चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई। इस बीच पर्यवेक्षकों ने साधारण सभा के सदस्यों को बुलाकर कैमरे की देखरेख में अपने समक्ष हस्ताक्षर करवाए। पर्यवेक्षक ने बताया कि साधारण सभा के दो सदस्यों आशीष गर्ग तथा केशव राम ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। आशीष गर्ग ने आपत्ति में लिखा है कि उन्हें चुनाव की जानकारी नहीं थी और केशवराम ने हस्ताक्षर जबरदस्ती करवाने तथा पत्नी के हस्ताक्षर भी करवाने की बात कही है।
प्रबंधक आशीष अग्रवाल ने कोतवाली में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि चुनाव के दौरान आपत्तिकर्ताओं की ओर से कुछ लोग आए, जिन्होंने पर्यवेक्षक के समक्ष उपस्थिति रजिस्टर को फाड़ने और कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने चुनाव अधिकारी से झड़प भी की।
चुनाव पर्यवेक्षक गौरव सक्सेना और देवेंद्र निगम ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही थी। इस बीच दो लोगों ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता को लेकर आपत्ति दर्ज की है। सभी रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजी जाएगी। उनके निर्णय के बाद ही आगे की प्रक्रिया संपन्न होगी। संवाद