गोला गोकर्णनाथ। सावन मेले में भक्तों के बड़ी संख्या में पहुंचने से ट्रेनों में भी भीड़ें बढ़ी हैं। यात्रियों की भीड़ बढ़ने से एकल टिकट खिड़की पर टिकट लेने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई है। यात्रियों की संख्या में इजाफा होते देख रेलवे ने मेला काउंटर खोलने की योजना बनाई है। हालांकि काउंटर कब खुलेगा। इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
सावन मेला शुरू होने के बाद से ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। ट्रेन का सफर सुगम होने की वजह से ज्यादातर भक्त ट्रेन से ही यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसकी एक अन्य कारण रेल किराया कम होना भी है। गोला से लखीमपुर जाने के लिए रोडवेज बस 54 रुपये किराया लेती है। वहीं गोला से खीरी तक का ट्रेन का टिकट महज 10 रुपये का है। गोला रेलवे स्टेशन पर केवल एक टिकट खिड़की और एक एटीवीएम है। इससे ट्रेन आने के समय अक्सर आपाधापी की नौबत आ जाती है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रबंधन ने अतिरिक्त मेला काउंटर खोलने और स्टाफ बढ़ाने की योजना बनाई है। कार्यवाहक वाणिज्य अधीक्षक वसीम अहमद ने बताया कि सावन में यात्रियों की संख्या बढ़ने से होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए शीघ्र मेला काउंटर खोलने की योजना है।
टेंडरिंग एसटीबीए के तहत रेलवे कर रहा टिकट बुकिंग
रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग टेंडरिंग एसटीबीए के तहत संविदा कर्मचारी करते हैं। रेलवे स्टेशन पर एक टिकट खिड़की और एक एटीवीएम है। इसमें सर्वर और बिजली समस्या के कारण कभी कभार दिक्कत भी हो जाती हैं।