लखीमपुर खीरी। अब जनजाति की छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। उनके लिए चंदन चौकी के सर्वोदय जय प्रकाश विद्यालय परिसर में ही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग सेंटर खोल दिया गया है।
सेंटर में बृहस्पतिवार से पढ़ाई भी शुरू करा दी गई, ताकि आईएएस, पीसीएस, डॉक्टर, इंजीनियर आदि का सपना संजोए छात्राएं निशुल्क तैयारी कर सकें। अभ्युदय के इस कोचिंग सेंटर में कॉलेज के अलावा जनजाति गांव की अन्य छात्राएं, महिलाएं भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकती हैं।
कोचिंग सेंटर की मौजूदा क्षमता 50 से 55 छात्राओं की है, जिसमें 37 का प्रवेश भी हो चुका है। शेष सीटों पर भी प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। लखीमपुर अभ्युदय योजना के जिला समन्वयक डॉ. एसएन बिष्ट ने बताया कि अभी इस सेंटर का औपचारिक रूप से उद्घाटन कराकर कक्षाएं शुरू करा दी गई हैं। समाज कल्याण मंत्री से इसका विधिवत शुभारंभ कराया जाना है। इसके लिए उनका समय मांगा गया है।
डॉ. बिष्ट ने बताया कि लखीमपुर में जो सेंटर चल रहा है, वहां के शिक्षक संबद्ध किए गए हैं। यह सेंटर जनजाति बच्चों के लिए विशेष रूप से शुरू कराया गया है, ताकि वो भी आसानी से तैयारी कर सकें। सर्दी में अभी दोपहर एक से चार बजे तक कक्षाएं चलेंगी।
लखीमपुर के डाइट में भी मिल रहा लाभ
अभ्युदय योजना के तहत लखीमपुर के डायट में कई सालों से कोचिंग सेंटर संचालित है, जहां दूर-दराज से बच्चे तैयारी के लिए आते हैं। दोपहर दो से पांच बजे तक कक्षाएं चलती हैं। यहां पर छात्र व छात्राओं दोनों को तैयारी कराई जाती हैं, जबकि चंदन चौकी में अभी फिलहाल छात्राओं के लिए व्यवस्था है।