उत्तर प्रदेश के एकमात्र दुधवा नेशनल पार्क में अब सैलानी पार्क प्रशासन की नजर में रहेंगे। पार्क प्रशासन ने दुधवा और किशनपुर टाइगर रिजर्व के प्रवेशद्वार पर इन कैमरों को लगा दिया है। इससे सैलानियों की हर गतिविधि पर पार्क प्रशासन नजर तो रखेगा ही साथ उसे कई और फायदे भी होंगे।
दुधवा नेशनल पार्क प्रवेशद्वार पर चार सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ की किशनपुर टाइगर रिजर्व द्वार पर भी तीन कैमरों को लगाया गया है। पार्क प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक ये कैमरे दुधवा की रजिस्टर्ड गाड़ियों के अलावा किसी अन्य गाड़ी के अवैध रूप से प्रवेश, इसके अलावा एक जिप्सी में छह व्यक्तियों के अतिरिक्त अधिक सवारियां बैठने को रोकने, पार्क क्षेत्र में आने वाले सैलानियों को असुविधा न हो इस बात को ध्यान में रखते हुए लगाए गए हैं । अधिकारियों के मुताबिक अक्सर 31 दिसंबर को पार्क के अंदर कुछ शरारती तत्व जबरदस्ती अवैध रूप से गाड़ियां अंदर लाने का प्रयास करते हैं। इन पर इससे रोक लगेगी और ऐसा करने वालों में कैमरे देख भय व्याप्त होगा और वे कोई भी अवैध कार्य करने से घबराएंगे।
उपनिदेशक, दुधवा नेशनल पार्क पीपी सिंह ने बताया कि दुधवा नेशनल पार्क
प्रवेश द्वार पर चार और किशनपुर टाइगर रिजर्व में तीन कैमरे लगाए गए हैं।
कैमरे सैलानियों की सुविधाओं के मद्देनजर तो हैं ही लेकिन साथ ही ये 31
दिसंबर को पार्क में जबरन घुसने वाले शरारती तत्वों पर नजर रखने के भी काम
आएंगे। फुटेज से उनके पास एविडेंस होगा और इससे शरारती तत्वों पर कार्रवाई
की जा सकेगी। वहीं इससे जिप्सी पर अधिक सवारियां लादने पर भी रोक लग सकेगी।
दुधवा रेंजर करेंगे मॉनीटरिंग
दुधवा के रेंजर कैैमरों की मॉनीटरिंग करेंगे और वहीं किशनपुर में इसकी कमान वहां के रेंजर संभालेंगे। निगरानी समय-समय पर की जाएगी।
....कहीं कोई और वजह तो नहीं
यूं तो पार्क प्रशासन के अधिकारी कैमरों को लगाने के लिए सैलानियों की गतिविधियों पर नजर रखने की दुहाई दे रहा है लेकिन इसकी वजह कुछ और ही मानी जा रही है। अभी हाल ही में एक प्रकरण हुआ है । इसके चलते जानकार इसको इसी से जोड़ कर देख रहे हैं।