परिषदीय स्कूलों के बच्चों को मिलेगी देश दुनिया की जानकारी
सामान्य ज्ञान की 700 प्रश्नोत्तरी का संग्रह है प्रयास
जीके बढ़ाने की शिक्षक की पहल जिले में हुई लागू
जुड़ेंगे 3.5 लाख विद्यार्थी, दो चरणों में होगी परीक्षा
बेसिक के स्कूलों के बच्चों में सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए बिजुआ के एक शिक्षक अमित शुक्ला ने एक अनोखी पहल की है। कोर्स एवं सामान्य ज्ञान के सवालों में पिछड़े बच्चों को 'जीके' की तैयारी के लिए अमित ने 'प्रयास' नाम से सात सौ सवालों को समेटे ेक पुस्तक संग्रह तैयार किया। शिक्षक के इस प्रयास को से न सिर्फ बिजुआ ब्लाक बल्कि जिले भर के करीब साढ़े तीन लाख बच्चे लाभ उठा सकेंगे। बीईओ की सिफारिश पर बीएसए ने भी इस सकारात्मक पहल को बढ़ावा देते हुए जिले में आठ अगस्त को कक्षा आठ तक की सामान्य ज्ञान की परीक्षा कराने को कहा है।
बिजुआ ब्लाक में तैनात टीचर अमित शुक्ला अषाणी एनपीआरसी प्रभारी भी हैं। अमित ने ‘पढ़े बिजुआ-बढ़े बिजुआ’ के तहत एक नवाचार किया है और परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का सामान्य ज्ञान स्तर बढ़ाने के लिए कक्षा तीन से कक्षा आठ तक छह कक्षाओं के बच्चों के लिए उनके कोर्स से एवं सामान्य ज्ञान के दो सौ से ज्यादा सवालों का संग्रह तैयार किया। इस संग्रह को अमित एवं उनकी टीम ने 'प्रयास' नाम दिया है। इसमें जूनियर वर्ग में हर सब्जेक्ट से 110 सवाल एवं जीके 210 सवाल हैं। सीनियर वर्ग में हर सब्जेक्ट में 210 एवं जीके के भी 210 सवाल हैं। अमित के इस 'प्रयास' को सफल बनाने के लिए बीईओ अनुुराग कुमार मिश्रा ने सभी शिक्षकों का सहयोग मांगा और सभी स्कूलों में एक-एक किताब देकर इन सवालों को छुट्टी से आधा घंटे पहले पढ़ाने को कहा ताकि बच्चों में उनके विषय एवं सामान्य ज्ञान के प्रति रोचकता बनी रहे और जानकारी का स्तर बढ़े। बिजुआ के इस 'प्रयास' में चार चरणों में परीक्षाएं कराई जानी हैं। बीईओ अनुराग कुमार मिश्रा ने बिजुआ के इस नवाचार को लागू कराने का प्रस्ताव रखा। बीएसए संजय शुक्ला ने इसे पूरे जिले में लागू कराने की योजना बनाई है। बिजुआ ब्लाक में लागू यह दूसरा नवाचार है जो आदर्श रूप में मान्य होकर जिले में लागू हुआ है, इससे पहले नवाचार शिक्षक उपस्थित मॉड्यूल पूरे मंडल में लागू हो चुका है। बीईओ अनुराग कुमार मिश्रा की मानें तो इससे समय-समय पर होने वाली परीक्षाओं से स्कूलों में अच्छा काम कर रहे टीचरों को नई पहचान मिलेगी और दूसरे टीचर आगे आएंगे।
आठ अगस्त को पूरे जिले में 'जीके' की परीक्षा
बिजुआ के 'प्रयास' को पंख मिल रहे हैं। ‘प्रयास’ के तहत के पहले केवल बिजुआ में ही परीक्षा होनी थी। अब बीएसए संजय शुक्ला के निर्देशन में बेसिक स्कूलों के कक्षा तीन से आठ तक के करीब साढ़्े तीन लाख से ज्यादा छात्र एक साथ अपने-अपने स्कूलों में परीक्षा देंगे। हर ब्लाक से छह कक्षाओं के छात्र-छात्रा को मिलाकर 12 बच्चे यानी सभी 15 ब्लाकों एवं नगर क्षेत्र के मिलाकर 192 बच्चे 12 अगस्त को जिले पर परीक्षा देंगे। इस परीक्षा से हर कक्षा से एक छात्र और एक छात्रा, कुल 12 बच्चों को 15 अगस्त पर जिले पर सम्मानित किया जाएगा। इन बच्चों के साथ उनके कक्षा शिक्षक एवं बीईओ भी सम्मान के हकदार होंगे।
प्रयास खीरी जिले में शिक्षा में सुधार के लिए पहल है। बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का नॉलेज लेवल देखने एवं बिजुआ में जारी कोशिश को जिले भर में लागू करने की योजना है। टॉपर्स का सम्मान भी होगा।
- संजय शुक्ला, बीएसए-खीरी