जिले के थाने और कोतवालियों में तैनात मुख्य आरक्षी (प्रोन्नत वेतनमान) अब वर्दी में डबल स्टार लगाकर भोकाल नहीं बना सकेंगे। एसपी अरविंद सेन ने जिले के सभी मुख्य आरक्षियों को वर्दी से स्टार उतारने का निर्देश दिए हैं। उनके मुताबिक मुख्य आरक्षी वर्दियों में डबल स्टार लगाकर भोकाल बनाते थे, बल्कि जनता भी उन्हें देखकर भ्रमित होती थी।
जिले में करीब 50 मुख्य आरक्षी (एचसीपी) विभिन्न थानों, कोतवालियों और चौकियों में तैनात है। पिछले वर्ष डीजीपी ने 14 वर्र्ष की सेवा अनुभव वाले मुख्य आरक्षियों को प्रोन्नत वेतनमान का लाभ दिया था। साथ ही उन्हें एएसआई की वर्दी में एक स्टार लगाने की अनुमति दी थी, जिसके बाद अधिकतर एचसीपी इसका दुरुपयोग करते मिले। मसलन एक के बजाय दो-दो स्टार लगाने लगे थे, जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचने लगी थीं। लिहाजा डीजीपी ने इस संबंध में संशोधित आदेश जारी करते हुए स्टार उतारने के आदेश दिए, जिसके क्रम में एसपी अरविंद सेन ने जिले की सभी थाना/कोतवाली और चौकियों में सुर्कुलर जारी कर दिया है। एसपी ने बताया कि अब एचसीपी स्टार नहीं लगा सकेंगे। शहर या ग्रामीण इलाकों में जो भी मुख्य आरक्षी स्टार लगाए हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।