लखीमपुर खीरी। शहर के सुंदरीकरण की दिशा में नगर पालिका एक और कदम बढ़ाने जा रही है। सराफा बाजार और मेन रोड के बाद अब सीतापुर रोड पर भी करीब 70 लाख रुपये की लागत से डिजाइनर खंभे और आकर्षक एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसी माह काम शुरू होने की तैयारी है।
नगर पालिका के अनुसार, पंजाबी कॉलोनी गेट से नगर पालिका सीमा तक सड़क के दोनों ओर डिजाइनर खंभे और एलईडी लाइटें स्थापित की जाएंगी। खंभे लगभग 20-20 मीटर की दूरी पर लगाए जाएंगे, जिससे पूरे मार्ग पर एक समान रोशनी और आकर्षक दृश्य दिखाई देगा।
अधिकारियों का कहना है कि परियोजना का उद्देश्य केवल प्रकाश व्यवस्था बेहतर करना नहीं, बल्कि शहर की प्रमुख सड़कों को आधुनिक स्वरूप देना भी है। नगर पालिका का मानना है कि इससे सीतापुर रोड की खूबसूरती बढ़ेगी और रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित हो सकेगा।
-
कोशिश है कि इस माह के अंत तक तीनों सड़कों पर लाइटें लग जाएं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जल्द ही काम शुरू होगा।
- इरा श्रीवास्तव, पालिका अध्यक्ष, लखीमपुर