लखीमपुर खीरी। मोहम्मदी क्षेत्र के दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय साहबगंज-रेहरिया में छात्रा की मौत के बाद से अन्य छात्राओं में डर के माहौल की वजह से व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो पाईं हैं। अभिभावक रोजाना बच्चों से मिलने स्कूल पहुंच रहे हैं। समाज कल्याण विभाग ने छात्राओं का हौसला बढ़ाने के लिए पांच-पांच शिक्षकों के रात में विद्यालय में ठहरने का रोस्टर जारी किया है।
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में चार सितंबर को कक्षा 11 की छात्रा निधि यादव का शव विद्यालय छात्रावास में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद पुलिस-प्रशासन के साथ ही लखनऊ तक के अफसर मौके पर पहुंचे थे। छात्रा ने आत्महत्या क्यों की, इसका तो अब तक पता नहीं लग सका। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, छात्रा की मौत के बाद अभी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। आधे से ज्यादा छात्राएं छुट्टी लेकर घर चली गईं हैं। वे अब स्कूल जाने से डर रही हैं। वहीं अभिभावक भी बेटियों को स्कूल भेजने के नाम पर चिंतित हैं। हालांकि विभाग का दावा है कि अब छात्राएं लौटने लगी हैं। सुरक्षा के नाम पर दो होमगार्ड दिन में ड्यूटी पर रहते हैं। वहीं चार महिला पीआरडी शाम से सुबह तक तैनात रहती हैं।े