लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल में प्रसव के नाम पर मरीज से अवैध वसूली के मामले में शुक्रवार को एक महिला डॉक्टर को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उस पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित पक्ष से कहा जा रहा है कि जो रुपये लिए गए हैं वह वापस लेकर समझौता कर लें, लेकिन पीड़ित ने समझौते से साफ इंकार करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
महेवागंज कस्बे के ओदरहना गांव निवासी गुफरान अंसारी ने महिला अस्पताल के स्टाफ पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। पीड़ित ने डिलीवरी के बाद 900 सौ रुपये लिए जाने का आरोप लगाते हुए सीएमओ और महिला सीएमएस से शिकायत की थी। पीड़ित का आरोप है कि रुपये न देने पर इलाज में लापरवाही बरती जाती है। एक नहीं, बल्कि आने वाले सभी मरीजों से अवैध वसूली की जाती है। सीमएओ के निर्देश पर महिला अस्पताल की सीएमएस ने मामले की जांच डॉ. अभिषेक साहू को सौंपी गई। जांच शुरू होते ही आरोपी पक्ष पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बना रहा है।
मामले की जांच डॉ. अभिषेक साहू को सौंपी गई है। जांच के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया है। साथ ही संबंधित को नोटिस जारी किया गया। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. ज्योति मेहरोत्रा, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल