नगर का बिजली संकट दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन मेन लाइन में फाल्ट हो गया।
मंगलवार को पूरे दिन सिर्फ चार घंटे ही बिजली मिल सकी थी, इससे बोर्ड परीक्षार्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
सोमवार को सुबह एक घंटे बिजली मिलने के बाद मेन लाइन में खराबी आ गई थी। खराबी सही होने के बाद मंगलवार रात को दो-तीन घंटे ही बिजली मिली। मंगलवार को भी मेन लाइन में ब्रेक डॉउन आ गया, जिसके चलते पूरे दिन ठप रहने के बाद शाम को सात बजे बिजली आई और रोस्टर के मुताबिक रात 11 बजे चली गई। बुधवार को सुबह पांच बजे बिजली आनी थी, लेकिन नहीं आई।
बिजली कर्मियों ने बताया कि गोला से आने वाली 33 केवी मेन लाइन में फिर खराबी आ जाने की वजह से आपूर्ति बाधित हुई है। इस तरह लगातार दूसरे दिन मेन लाइन में ब्रेक डॉउन की समस्या के चलते नगर की बिजली सप्लाई बाधित हुई है। उधर बिजलीकर्मी फाल्ट खोजने के लिए सुबह से ही लाइन की पेट्रोलिंग करने रवाना हो गए, लेकिन अपराह्न तीन बजे तक उन्हें कोई फाल्ट मिल नहीं सका। लोगों का कहना है कि शाम को सात से 11 बजे तक तो बिजली आपूर्ति ठीक तरह से चलती है, लेकिन सुबह पांच बजे आपूर्ति बाधित हो जाती है। लगातार दो दिनों से यह समस्या आ रही है। लाइनमैन पवन रस्तोगी के मुताबिक कोई छोटा फाल्ट है, जो पकड़ में नहीं आ रहा है, इस फाल्ट को दूर करने की हर संभव कोशिश की जा रही है।