पलियाकलां। पुराने बस स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग को लेकर व्यापारियों ने आवाज तेज कर दी है। बुधवार को होटल व्यावसायिक संघ पलियाकलां के महामंत्री राहुल गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी तहसील पहुंचे और एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार ज्योति वर्मा को सौंपा।
व्यापारियों ने बताया कि पुराने बस स्टैंड पर पूरे दिन बसों और ऑटो का संचालन होता है, जिससे यहां सैकड़ों यात्रियों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं है। सबसे ज्यादा परेशानी महिला यात्रियों को उठानी पड़ती है, जिन्हें मजबूरी में असुविधा और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले भी 2 फरवरी 2026 को एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया गया था। उस समय बजट बैठक के बाद निर्माण शुरू कराने का आश्वासन मिला था, लेकिन करीब 90 दिन बीत जाने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय का मुद्दा वर्तमान चेयरमैन के चुनावी वादों में भी शामिल था।
ज्ञापन देने वालों में रोहित गुप्ता, गुलाब खान, मुजीबुल खान, संजय अवस्थी, साहिद खान, प्रदीप मौर्या, आसिफ खान, सहजाद खान, सोनू गुप्ता, रामनिवास यादव, मधुकर गुप्ता, इरशाद खान, विजय कुमार सिंह, शाहरुख खान, रामकिसुन राजभर, बबलू और धर्मपाल समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।