लखीमपुर खीरी। निघासन ब्लॉक की ग्राम पंचायत दौलतापुर में पिछले साल अप्रैल से जुलाई तक काम करने वाले मजदूरों को एक साल बाद भी मजदूरी नहीं मिली है। करीब 1.85 लाख रुपये की मजदूरी बकाया है। मामले में खंड विकास अधिकारी निघासन ने ग्राम पंचायत अधिकारी शालिनी पांडेय को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
ग्राम पंचायत के सुर्जीपुरवा, भजनपुरवा, मजरा कोरियाना में संपर्क मार्ग पर पुलिया, प्राथमिक विद्यालय सुर्जीपुरवा और बचैलाफार्म के खेल मैदान में राजमिस्त्री व मजदूरों से काम कराया गया था। काम के बाद मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने सचिव के खिलाफ भुगतान न करने सहित कई आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। जांच में मजदूरों की मजदूरी बकाया होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जल्द भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन तीन माह से अधिक समय बीतने के बाद भी मजदूरी नहीं मिली। मजदूरों ने फिर आवाज उठाई। डीडीओ ने संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नोटिस का जवाब संतोषजनक न होने पर कार्रवाई की जाएगी। मजदूरों का भुगतान भी दिलाया जाएगा। संवाद