लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की परीक्षा को लेकर मंगलवार को गुरुनानक इंटर काॅलेज में बैठक हुई।
बैठक में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के बैठने, पॉर्किंग, पेयजल, प्रकाश व शौचालय का इंतजाम करा लें। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल अथवा कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी। कहा कि प्रत्येक सेक्टर व जोन के लिए एक-एक सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। सभी 136 परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों की नियुक्ति के साथ-साथ शासन के निर्देशानुसार अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र खुलने से लेकर उत्तर पुस्तिकाएं जमा होने तक की समस्त प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। एसपी संकल्प शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम व सीओ संयुक्त रूप से अपने क्षेत्र में आने वाले परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले लें। यदि कोई भी व्यक्ति परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करें।
वहीं डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा को लेकर कुल 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली प्रातः 08:30 बजे से पूर्वाह्न 11:45 बजे तक, द्वितीय पाली अपराह्न दो बजे से शाम 05:15 बजे तक होगी। इस बार परीक्षा में कुल 98208 परीक्षार्थी शामिल होंगे, इंटरमीडिएट में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 48305 है, जिसमें 21222 बालिका तथा हाईस्कूल में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 49903 है, जिसमें बालिकाओं की संख्या 22006 है।
बैठक में एसपी के अलावा जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, एएसपी (पूर्वी) पवन गौतम, बीएसए प्रवीण तिवारी, सभी एसडीएम, सीओ, गुरुनानक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ईशविंदर सिंह मौजूद रहे।