लखीमपुर खीरी। रोडवेज अनुबंधित बस एसोसिएशन ने एलआरपी और राजापुर चौराहे पर संचालित डग्गामार बसों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। शनिवार को पदाधिकारियों ने एआरटीओ शांति भूषण पांडे से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। एआरटीओ ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्रवण गुप्ता ने बताया कि डग्गामार बसों के संचालन से अनुबंधित बस संचालकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। कई शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार की बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि अवैध बसों का संचालन नहीं रुका तो 4 अगस्त से एसोसिएशन सामूहिक अवकाश पर रहेगा और बसों का चक्का जाम करेगा।
उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
बैठक में रितेश श्रीवास्तव, प्रेम प्रकाश बाजपेई, प्रदीप पटेल, गुल्लू राना, केसी मिश्रा, मुदित, नैतिक और शैलेंद्र शर्मा समेत वाहन स्वामी मौजूद रहे।