निघासन। कस्बे से पलिया तक का प्रमुख मार्ग 147.71 करोड़ की लागत से चौड़ा कराया जाएगा। इसके बाद आवागमन सुगम होगा और यात्रियों को जाम से निजात मिलेगी। हालांकि, वन विभाग से पेड़ों के कटान की एनओसी न मिलने से परियोजना की शुरुआत ही अटक गई।
प्रस्तावित कार्य के अनुसार, निघासन के ढखेरवा रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप से पलिया तक सड़क को 10 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। लुधौरी वन रेंज से मझगईं होते हुए पलिया तक करीब सौ से अधिक पेड़ सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं। पीडब्ल्यूडी ने पेड़ों के चिह्नांकन और एनओसी जारी करने के लिए वन विभाग को पत्र भेजा है।
पीडब्ल्यूडी खंड-3 के धिशाषी अभियंता अनिल यादव ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए धनराशि मंजूर हो चुकी है। कुछ औपचारिकताएं शेष हैं, जो पूरा कराते हुए कार्य शुरू कराया जाएगा। जल्द ही अतिक्रमण भी हटाया जाएगा।
यहां पर हटेगा अतिक्रमण
चौड़ीकरण के दौरान बम्हनपुर, मझगईं, नौगवां सहित कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज कर दी गई है, ताकि निर्माण में बाधा न हो। वहीं, सड़क चौड़ीकरण योजना में नगर पंचायत के सदर चौराहे पर गोल चौराहा बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। बोर्ड बैठक में सभासद बाबूराम के प्रस्ताव पर अध्यक्ष बद्री प्रसाद सहित सभासदों ने सहमति जताई थी।