तीज महोत्सव मनातीं चित्रगुप्त कायस्थ सभा की सदस्य।
चित्रगुप्त कायस्थ सभा ने मनाया तीज महोत्सव, कई प्रतियोगिताएं हुईं
लखीमपुर खीरी। चित्रगुप्त कायस्थ सभा के तत्वावधान में तीज महोत्सव का आयोजन एक होटल में हुआ। महोत्सव के दौरान हुई तीज क्वीन प्रतियोगिता में निधि अवस्थी लखीमपुर तीज क्वीन चुनी गईं।
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष वर्षा सक्सेना, सचिव सांची माथुर के संयोजन और निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में महिला नृत्य, किड्स डांस और मेहंदी प्रतियोगिता भी हुई। इसमें महिलाओं और बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
निर्णायक मंडल में इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष कीर्ति गुप्ता, शिल्पी गुप्ता, मधुलिका त्रिपाठी, तरुसी डांस एकेडमी की तरुसी सिंघल और सतविंदर कौर छाबड़ा ने प्रतिभागियों की प्रतिभा के आधार पर निधि अवस्थी को तीज क्वीन चुना। प्रियंका अग्रवाल को उप विजेता चुना गया। लेडीज डांस प्रतियोगिता में रुचिका पुरी प्रथम, क्षमा सिंह द्वितीय और हर्षिता तीसरे स्थान पर रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में निधि अवस्थी प्रथम, क्षमा सिंह द्वितीय और प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
किड्स डांस में मोनी, इशी, गौरी एवं निष्ठा पुरी ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक वर्षा सक्सेना ने निर्णायक मंडल की सभी सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।