सीएचसी के बाहर विरोध प्रदर्शन करते आरबीएसके टीम के लोग। स्रोत : संगठन
बेहजम/मोहम्मदी/मितौली। तीन माह से वेतन न मिलने से नाराज एनएचएम संविदा कर्मियों ने बुधवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो 21 मई से कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।
बेहजम में प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक समस्याएं बढ़ रही हैं। यदि भुगतान नहीं हुआ तो अगले दिन से कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में डॉ. हरीओम मिश्र, डॉ. श्याम बाबू मिश्र, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमित कुमार सिंह, अविरल शुक्ला, नीरज कुमार और मनोज कुमार समेत कई कर्मचारी शामिल रहे।
मोहम्मदी में कर्मचारियों ने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक को ज्ञापन भेजा जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि 21 मई से इमरजेंसी सेवा छोड़कर सभी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। इस दौरान देवेंद्र पांडे, डॉ. धर्मेंद्र वर्मा, प्रेम वर्मा, निशांत शुक्ल, सुशील कुमार और राजिद खान मौजूद रहे।
मितौली में संविदा कर्मियों ने सीएचसी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर कार्य करते हुए सरकार और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन में डॉ. रेनू वैसवार, डॉ. केके भार्गव, लेखा प्रबंधक अमित सक्सेना, बीपीएम तैय्यब सिद्दीकी, शिल्पी वाजपेई और श्याम श्रीवास्तव समेत दर्जनों कर्मचारी शामिल रहे।