लखीमपुर खीरी। जिले में संचालित माध्यमिक विद्यालयों में अब प्रार्थना सभा के दौरान समाचार पत्रों में प्रकाशित अच्छी खबरों पर चर्चा की जाएगी। विद्यालय स्टाफ बच्चों के सामने खबर को पढ़कर सुनाएंगे। साथ ही जिज्ञासावश उठने वाले बच्चों के सवालों के जवाब भी शिक्षक देंगे। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने शैक्षणिक कार्य के लिए निर्देश भी जारी किए हैं।
माध्यमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा में अब हर दिन के अखबार में प्रकाशित खबरों पर चर्चा होगी। साथ ही प्रतिज्ञा, सुविचार और प्रश्नमंच का भी आयोजन होगा। प्रमुख समाचार व सवाल-जवाब को हर दिन विद्यालय के ब्लैक बोर्ड व नोटिस बोर्ड पर अलग-अलग विद्यार्थियों से लिखवाया जाएगा। डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव की ओर से इसको लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं।
डीआईओएस ने कहा कि स्कूलों में पहले घंटे में पढ़ाई से पूर्व 15 मिनट की प्रार्थना सभा का आयोजन करना अनिवार्य है। इसमें प्रमुख समाचार, प्रतिज्ञा, सुविचार, प्रश्नमंच और राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्र का गौरव देने वाली नई घटनाओं से विद्यार्थियों को परिचित कराया जाएगा। वहीं नया सवेरा कार्यक्रम में हर सप्ताह दो शिक्षाधिकारी प्रार्थना सभा में शामिल होकर छात्रों से अनुशासन, कॅरियर, जीवन मूल्यों पर चर्चा करेंगे। साथ ही बच्चों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
-
बच्चों के बौद्धिक स्तर में होगा सुधार
स्कूल के नोटिस बोर्ड से लेकर क्लास के ब्लैक बोर्ड तक अंकित सुविचार और अच्छी खबरों से बच्चों को देश-विदेश में घटित घटनाओं के बारे में पता चलेगा। इससे बच्चों के बौद्धिक स्तर में सुधार होगा। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इससे बच्चों के अंदर अखबार पढ़ने की आदत पड़ेगी। साथ ही उनके ज्ञान में भी बढ़ोतरी होगी।