लखीमपुर खीरी। ओयल में नवनिर्मित 132 केवी उपकेंद्र का काम पूरा होने के बाद बुधवार को ट्रांसफार्मरों को ऊर्जीकृत करके सप्लाई चालू करने के लिए ट्रायल किया गया। इस उपकेंद्र के चालू होने से शहर के छाउछ स्थित बिजलीघर से तीन फीडरों ओयल, रेवाही और बेहजम का लोड कम हो जाएगा, जिससे गर्मियों में शहर की बिजली आपूर्ति बेहतर होगी।
उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने ओयल में 132 केवी उपकेंद्र 58.31 करोड़ की लागत से बनाया है, जिसमें 40 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। लहरपुर-लखीमपुर-ओयल लीलो लाइन के माध्यम से उपकेंद्र और 40 एमवीए प्रथम 132/33 केवी ट्रांसफॉर्मर ऊर्जीकृत किया गया। ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण से 132 केवी उपकेंद्र लखीमपुर से पोषित 33 केवी रेवाही, ओयल, बेहजम के फीडरों को हटाकर इनकी आपूर्ति 132 केवी ओयल से की जाएगी। इससे 132 केवी छाउछ लखीमपुर का लोड भी कम होगा।
विद्युत पारेषण खंड के अधिशासी अभियंता रामानंद चौहान ने बताया कि छाउछ उपकेंद्र से पोषित होने वाले लखीमपुर नगर, ओयल नगर पंचायत एवं आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में गुणात्मक सुधार होगा। करीब 35 हजार उपभोक्ताओं को इसका लाभ होगा। गर्मियों में बिजली की ओवरलोडिंग व ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को छुटकारा मिलेगा।