महेवागंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सैधरी गांव में स्टाफ नर्स के निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। परिजन ने नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
फूलबेहड़ के श्रीनगर गांव निवासी अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि रविवार रात उसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई। उसकी मां गर्भवती पत्नी को गांव की आशा के साथ फूलबेहड़ सीएचसी लेकर गईं। रात में प्रसव नहीं हो सका।
आरोप है कि सोमवार सुबह ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स मां और उसकी पत्नी को सामान्य प्रसव कराने की बात कहकर अपने निजी आवास स्थित क्लीनिक ले गई। आरोप है कि नर्स ने 10 हजार रुपये लिए और उपचार शुरू किया। प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। इससे आहत परिजन और नर्स के बीच कहासुनी हो गई।
अशोक ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को प्रार्थनापत्र देकर नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीएमओ डॉ. संतोष ने टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। एसीएमओ डॉ. रवि मोहन, एसीएमओ डॉ. आरएन गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार रावत और फूलबेहड़ अधीक्षक डॉ. मनीष वर्मा मौके पर पहुंचे। सीएमओ ने बताया कि क्लीनिक सील कर दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद