म्याऊं के निजी अस्पताल में मामले की जानकारी देते महिला के परिजन। संवाद
म्याऊं (बदायूं)। अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा म्याऊं में शनिवार रात एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात बालक की मौत हो गई। महिला की हालत भी बिगड़ गई, जिससे परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों को शांत कराया। पुलिस ने बच्चे के शव को दफन करा दिया है। परिवार वालों ने निजी अस्पताल संचालक के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव ढका निवासी भीमसेन पुत्र कप्तान शनिवार को अपनी पत्नी को एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर लाए थे। भीमसेन का कहना है कि अल्ट्रासाउंड के बाद उसके डॉक्टर ने बताया कि बच्चे का वजन चार किलो है। साढ़े दस माह से अधिक समय हो गया है। महिला को तुरंत ले जाकर म्याऊं के निजी अस्पताल में भर्ती करा दो। भीमसेन अपनी मंजूलता (33) उसके बताये अनुसार निजी अस्पताल ले गया। उसने पत्नी को भर्ती करा दिया। शाम करीब पांच बजे उसकी डिलीवरी हुई।
रात करीब आठ बजे बच्चे की मौत हो गई, साथ ही महिला की हालत बिगड़ गई। इससे परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर चौकी पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने परिवार वालों को शांत कराया और बच्चे के शव को दफन करा दिया। भीमसेन ने निजी अस्पताल संचालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।