मौनी अमावस्या के मौके पर जिले भर में स्नान दान की धूम रही। श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में स्नान करने के बाद शिव मंदिरों में पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं ने इस मौके पर ब्राह्मणों और गरीबों को अन्न वस्त्र आदि दान किया। सोमवती अमावस्या होने के कारण महिलाओं ने वटवृक्ष की परिक्रमा कर पूजा अर्चना की।
शहर के लिलौटीनाथ मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। यहां पहुंचने वाले लोगों ने पवित्र कंडवा नदी में स्नान किया और शिवमंदिर में प्राचीन शिवलिंग का अभिषेक कर पूजा अर्चना की। बाद में ब्राह्मणों, साधुओं और गरीबों को अन्न वस्त्र आदि दान किया। यहां दिन भर मेला लगा रहा।
उधर भुइफोरवानाथ मंदिर, लिलौटीनाथ मंदिर और जंगली नाथ मंदिर समेत सभी शिव मंदिरों में दिन भर भक्तों की भारी भीड़ रही। पलिया और शारदानगर में श्रद्धालुओं ने पवित्र शारदा नदी और ईसानगर के ठुठवा में लोगों ने सरजू नदी में डुबकी लगाकर पूजा अर्चना की।
मैगलगंज। पारसनाथ ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम मढ़ियाघाट स्थित उत्तरवाहिनी गोमती नदी में करीब पचास हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मौनी/सोमवती अमावस्या पर डुबकी लगाकर भगवान शिव की पूजा अर्चना की। मौनी अमावस्या के चलते रविवार रात दो बजे से ही श्रद्धालु पैदल और वाहनों से पहुंचने लगे थे। गोमती नदी में मौन स्नान करने के बाद बेलपत्र, फूल, प्रसाद, दूध आदि से शिव मंदिर में पूजा अर्चना की और भोले के जयकारे लगाए। इस मौके पर मढिय़ाघाट में मेला भी लगा। जहां लोग दूर दराज से आकर खरीदारी की। यहां सीतापुर, शाहजहांपुर आदि कई जिलों के ग्रामीण पूजा अर्चना करने पहुंचे।
पलियाकलां। सोमवती अमावस्या पर मंदिरों पर खासी भीड़ रही। श्रद्धालुुओं ने पूजन अर्चना की। शिव मंदिरों में भारी भीड़ रही। यहां श्रद्धालुुओं ने बेलपत्र, धतूरा, दूध, शहद, फल, फूल आदि चढ़ा कर पूजा-अर्चना की।
धनगढ़ी-नेपाल। गोदावरी धाम में चल रहे दिव्य सहस्त्र कुंभ मेले में सोमवती अमावस्या पर चौथे महास्नान में भारत से आए नागा, साधु-संतों और हजारों नेपाली तथा भारतीय श्रद्धालुओं ने गोदावरी नदी में डुबकी लगाई। इसके अलावा बेहड़ा बाबा मंदिर, शिवमंदिर पर भी हजारों भारत से आए हजारों श्रद्धालु गौरीफंटा से बेहड़ाबाबा मंदिर तक पैदल गए। उधर पलिया से गौरीफंटा तक आने वाली बसों में खासी भीड़ रही।
मितौली। मितौली क्षेत्र में कठिना नदी के किनारे वर्षों पुराने कष्टहरण शिव मंदिर में सोमवती मौनी अमावस्या पर सुबह से ही श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान-दान कर शिव जी के दर्शन किए। यहां दिन भर मेला लगा रहा। यज्ञ आदि धार्मिक आयोजन भी हुआ।
मोहम्मदी। सोमवती मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने गोमती नदी पर स्नान कर शिव मंदिरों में पूजा अर्चना की। क्षेत्र के टेढ़ेनाथ धाम पर सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई। जगह जगह भंडारे का आयोजन किया गया। मुख्य घाट पर काफी देर तक जाम लगा रहा। इससे आने जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं मंदिर के पास भीड़ का फायदा उठाते हुए एक चोर ने प्रदीप वर्मा की पर्स पार कर दी। पर्स में करीब आठ हजार रुपये बताए गए। इसके अलावा पाल नाथ शिव मंदिर जंगलीनाथ मंदिरों पर भी भीड़ रही। पालननाथ शिव मंदिर पर कुछ श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नत पूरी होने पर झाड़ू चढ़ाई। मान्यता है कि मन्नत पूरी होने पर झाड़ू चढ़ाने से शरीर के मस्से आदि ठीक हो जाते हैं।
गोला गोकर्णनाथ। मौनी और सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने ब्रह्ममुहूर्त में स्नान कर पौराणिक शिव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए और गोकर्णतीर्थ के तट पर भगवान सत्यनारायण की कथा सुन दान पुण्य किया।
सोमवती अमावस्या पर महिलाओं, युवतियों ने पीपल के चारों ओर धागा लपेटकर परिक्रमा कर पूजन किया और दान पुण्य किया।