लखीमपुर खीरी। जिले के माध्यमिक स्कूलों के बच्चों को प्रार्थना सभा के दौरान नैतिकता का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसको लेकर रोस्टर तैयार कर लिया गया है। सप्ताह में दो दिन बीईओ स्कूल पहुंचेंगे और बच्चों से संवाद करेंगे।
निजी स्कूलों की तरह माध्यमिक स्कूलों के बच्चों को इतिहास और कुछ जरूरी जानकारियां देने के साथ ही उन्हें नैतिकता का पाठ पढ़ाने की तैयारी की गई है। इसको लेकर यूपी बोर्ड के विद्यालयों में नवीन शैक्षिक सत्र से नया सवेरा कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। नया सवेरा के तहत विद्यार्थियों को संस्कार, नैतिक शिक्षा व मूल्यों का पाठ पढ़ाया जाएगा।
डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड की ओर से दिशा निर्देश जारी किए हैं। जुलाई माह में स्कूल खुलने के बाद विद्यार्थियों को प्रार्थना के समय नैतिकता का पाठ पढ़ाया जाएगा। नए सत्र में नया सवेरा कार्यक्रम के तहत सुबह होने वाली प्रार्थना के समय पहुंचने वाले शिक्षाधिकारी बच्चों से कॅरिअर के बारे, उनकी नियमित दिनचर्या के बारे में जानकारी करेंगे।
सप्ताह में दो दिन बच्चों से अनुशासन, जीवन मूल्यों से संबंधित प्रेरक प्रसंग आदि पर संवाद करेंगे। बच्चे मोटिवेट हों, इसको लेकर कॉलेज से पढ़कर निकलने वाले मेधावियाें को आमंत्रित करते हुए उनसे संवाद कराया जाएग। ताकि छात्र-छात्राओं के अंदर सीखने की ललक और जिज्ञासा पैदा हो सके।
कालेज में हर रोज 15 मिनट की होगी प्रार्थना सभा
शैक्षिक कैलेंडर के सुबह प्रार्थना सभा के लिए 15 मिनट का समय निर्धारित किया है। जिसमें आज का सुविचार प्रस्तुत किया जाएगा। प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों से प्रत्येक दिन जीवन मूल्यों का महत्व, राष्ट्र भक्ति, समाज सेवा, महापुरुषों का जीवन चरित्र, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, यातायात व सड़क सुरक्षा के संबंध में विचार लिखवाएं जाएंगे।