बांकेगंज में हाथियों ने रौंदी गन्ना की फसल।
बांकेगंज। किशनपुर सेंक्चुरी के मड़हा सेक्शन में डेरा डाले नेपाली हाथी शनिवार रात जंगल से निकलकर मैलानी रेंज की जटपुरा बीट जंगल किनारे बसे सोहनरा भूड़ गांव आबादी से सटे खेतों में पहुंचे।
हाथियों ने किसानों जगतार सिंह और मंजीत सिंह के खेतों में घुसकर गन्ना फसल में जमकर उत्पात मचाया। गन्ना खाने के साथ रौंद डाला। हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाकर, ढोल बजाकर किसी तरह इन्हें खदेड़ा। इसके बाद हाथी नकुला होते हुए फिर मड़हा की ओर चले गए।
इसी रेंज की सुल्तानपुर बीट में पहुंचे हाथियों के दूसरे झुंड ने कई किसानों की गन्ना, मटर फसल बर्बाद कर डाली। रविवार सुबह मौके पर पहुंचे फॉरेस्टर अखिलेश सिंह और राजाराम तिवारी ने फसल नुकसान का सर्वे किया। निगरानी टीमों के मुताबिक रविवार सुबह हाथियों की लोकेशन मड़हा में मिली है। संवाद