टस्कर हाथियों ने उजाड़ी गन्ना की फसल।
बांकेगंज। दुधवा और पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे किशनपुर सेंक्चुरी में 15 दिन पहले आए नेपाली टस्कर हाथी किसानों की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर रहे हैं। बुधवार रात तीनों टस्कर हाथी किशनपुर सेंक्चुरी की बफरजोन मैलानी रेंज की पिपरा सुल्तानपुर बीट से निकलकर खुटार रेंज की सिहुरा बीट पहुंच गए।
बुधवार रात हाथियों ने खुटार रेंज की सिहुरा बीट में पहुंचकर श्रीनगर गौटिया निवासी किसान बहादुर और पिपरा गांव निवासी रामकिशुन के खेत में लगी धान-गन्ने की फसल को नष्ट कर दिया। हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पटाखे दागकर और शोर मचाकर उन्हें खदेड़ा।
हाथियों ने रास्ते में करीब 10 से 12 अन्य किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। बृहस्पतिवार को खुटार रेंजर मनोज श्रीवास्तव हाथियों से फसल नुकसान का जायजा लेने पिपरा और सुल्तानपुर गांव पहुंचे। उन्होंने संबंधित गांवों के प्रधान विनोद प्रजापति और उमाशंकर के साथ बैठक कर हाथियों से बचाव, फसलों की सुरक्षा और सतर्क रहने की सलाह दी। रेंजर ने फसल नुकसान का सर्वे किया। साथ ही किसानों से भूमि के दस्तावेज और प्रार्थना-पत्र उपलब्ध कराने पर फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। निगरानी टीमों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह हाथियों की लोकेशन किशनपुर सेंक्चुरी जंगल में मिली है।