जेन जी आंदोलन के दौरान लूटी गई बरामद स्कार्पियो। स्रोत: सोशल मीडिया
धनगढ़ी (नेपाल)। जेन जी आंदोलन के दौरान लूटी गई सुदूर पश्चिम विश्वविद्यालय की सरकारी स्कॉर्पियो 10 महीने बाद कैलाली में बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी छिपाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गत वर्ष नौ सितंबर को जेन जी आंदोलन के दौरान धनगढ़ी के हसनपुर स्थित सुदूरपश्चिम विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य विज्ञान संकाय के डीन डॉ. हेमनाथ जोशी के घर 7-8 लोगों का समूह पहुंचा था। आरोप है कि उपद्रवी वहां से सरकारी स्कॉर्पियो लूटकर भाग गए थे।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि स्कॉर्पियो कैलाली की घोड़ाघोड़ी नगरपालिका-2 स्थित लीगासैनी सॉ-मिल एवं फर्नीचर उद्योग में छिपाकर रखी गई है। छापे में पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली। पहचान छिपाने के लिए उसका हुलिया बदल दिया गया था।
कैलाली जिला पुलिस के डीएसपी एवं प्रवक्ता योगेंद्र तिमिलसिना ने बताया कि फर्नीचर उद्योग के मालिक अर्जुन कार्की को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लूटकांड में शामिल अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।