धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल सरकार ने भारत-नेपाल सीमा के 35 में से 22 नाका को बंद कर दिया है। गौरीफंटा-धनगढ़ी, बनबसा-गड्ढ़ा चौकी समेत 13 नाका अभी खुले रहेंगे।
नेपाल में कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होने के बाद नेपाल सरकार ने कैलाली, कंचनपुर जिला समेत करीब 15 जिलों में लॉकडाउन लगा दिया है। इसके बाद भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। इसी को लेकर शुक्रवार को काठमांडू में कोविड-19 संकट व्यवस्थापन केंद्र के मंत्रीमंडल की बैठक हुई, जिसमें भारत-नेपाल सीमा के 35 में से 22 नाका पर आवागमन बंद करने का निर्णय लिया गया। जबकि गौरीफंटा-धनगढ़ी, बनबसा गड्ढ़ा चौकी समेत अन्य 13 नाका खुले रखने की बात कही गई। यहां भारत के महानगरों में काम करने वाले नेपाल के नागरिक व कामदार कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए आ-जा सकेंगे व आयात-निर्यात के साथ ही मालवाहक वाहनों का आवागमन भी सुचारू रहेगा। उधर बैठक में देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने को लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा और आंतरिक हवाई सेवा बंद किए जाने का प्रस्ताव भी किया गया। संवाद