फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेपाल ने बसही बार्डर पर लगाया अघोषित कर्फ्यू, माहौल शांत

Sat, 11 Mar 2017 10:04 PM IST
लखीमपुर, ब्यूरो
विज्ञापन
नेपाल ने बसही बार्डर पर लगाया अघोषित कर्फ्यू, माहौल शांत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन

बसही बार्डर पर नेपाल ने लगाया अघोषित कर्फ्यू, माहौल शांत
एसएसबी ने भारतीयों के बार्डर जाने पर लगाई रोक
दोनों देशों की भारी संख्या में सेना और पुलिस तैनात 
 भारत-नेपाल सीमा के बसही बार्डर के पास पुलिया को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को थमा सा नजर आया। नेपाल ने शांति कायम रखने के मकसद से बार्डर और नेपाली गांव में अघोषित कर्फ्यू लगाते हुए पुलिस बल तैनात किया है, जिससे नेपाली लोग घरों में कैद होकर रह गए। उधर एसएसबी ने भी भारतीय लोगों को बार्डर पर आने से मना कर दिया है। तीसरे दिन विवादित स्थल पर सन्नाटा पसरा रहा। नेपाल की सीमा पर नेपाली सुरक्षा एजेंसी और भारतीय सीमा पर एसएसबी, पीएसी, पुलिस तैनात है। 
बतादें कि भारत-नेपाल के बसही गांव के पास नोमैंसलैंड के पिलर संख्या 200 के पास आठ मार्च की रात नेपाल के जिला कंचनपुर के गांव के कुछ लोग पुलिया का निर्माण कार्य कर रहे थे। सूचना पर गुरुवार को दोनों देशों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सहमति से निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच बवाल शुरू हो गया। नेपालियों ने पथराव किया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में एसएसबी ने भी हवाई फायर किए थे। शुक्रवार को भी नेपालियों ने भारतीय लोगों और एसएसबी जवानों पर पथराव किया था। शनिवार को तीसरे दिन नेपाल के जिला कंचनपुर प्रशासन ने सख्ती की और यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। जिससे यहां अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं और नेपाली घरों में कैद हैं। नेपाल सुरक्षा एजेंसियों के साथ साथ एसएसबी ने भी आम नागरिकों को बार्डर पर जाने से रोक दिया है। जिससे नोमैंस लैंड के विवादित स्थल पर सन्नाटा पसर गया। नेपाल सीमा पर नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के जवान तो इधर एसएसबी और पीएसी के जवान नजर आ रहे हैं। फिलहाल माहौल शांत रहा और प्रशासन भी राहत में रहा। बताया जा रहा है कि नेपाली प्रशासन भारतीय प्रशासन के बराबर संपर्क में है और हर स्थिति पर वार्ता हो रही है, जिसमें दोनों ओर से सौहार्द कायम रखने की बात कही जा रही है।  
विज्ञापन

--------
बसही सीमा पर पर डटे हैं एसएसबी के बड़े अधिकारी
बसही सीमा पर तनाव के बाद से एसएसबी के बड़े अधिकारी जमे हुए हैं। इसमें एसएसबी सेक्टर लखनऊ के प्रभारी आईजी डीएस चौहान, प्रभारी आईजी रानीखेत सेक्टर एके दास, 4 बटालियन कमांडेंट सरोज कुमार, 49वीं वाहिनी कमांडेंट दिलबाग सिंह समेत पुलिस के कई अधिकारी यहीं कैंप किए हुए हैं। 
------
सहायक सेनानायक समेत एक जवान लखनऊ रेफर
बसही बार्डर पर आक्रोशित नेपाली नागरिकों द्वारा किए गए पथराव, गुलेल से चले कंचे में सहायक सेनानायक पीके हंस की आंख जख्मी हो गई थी। इसके अलावा एक जवान की आंख में भी कंचा लगा था। दोनों को सघन इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया। 
चर्चा से नहीं हटा पर्दा
आक्रोशित नेपालियों द्वारा आमताल के पास एक बिहारी युवक को धारदार हथियार से मार कर फेंक देने की चर्चा अभी तक चर्चा ही है। इसमें सच्चाई है या नहीं इस पर पर्दा नहीं हट सका है। अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे तो उधर से भी ऐसी कोई पुष्टि नहीं हो पा रही है।
गौरीफंटा बार्डर पर माहौल शांत,आवागमन सुचारू
सक्रियता बरत रही एसएसबी, आने जाने वालों की सघन जांच
गौरीफंटा। बसही बार्डर पर हुई घटना के बाद नेपाल के धनगढ़ी शहर में नेपाली नागरिकों के आक्रोश को देखते हुए गर्म हुआ गौरीफंटा बार्डर का माहौल अब शांत नजर आ रहा है। फिलहाल आवागमन पूर्व की तरह सुचारु है, लेकिन एसएसबी समेत पुलिस सतर्कता बरत रही है।  हरेक आने जाने वालों की सघन तलाशी ले रही है। अधिकारी भी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। 
गौरतलब है कि भारत नेपाल सीमा के बसही बार्डर पर नेपाली नागरिकों और भारतीय सुरक्षा तंत्र में हुए बवाल के बाद नेपाल के जिला कैलाली के शहर धनगढ़ी में नेपाली संगठन व नागरिक आक्रोशित हो गए थे और जुलूस लेकर गौरीफंटा बार्डर की ओर बढ़ रहे थे, जिसको नेपाल पुलिस ने रोक दिया था। हालांकि आक्रोशित भीड़ ने बाजार बंद करा दिया था और नेपाली कस्टम कार्यालय का बैरियर तोड़ दिया था। जिसको देखते भारतीय सीमा पर बड़ी तादाद में एसएसबी और पुलिस को तैनात कर बार्डर को बंद कर दिया गया। करीब तीन घंटे बाद बाडर खुला था। इसकी जानकारी होने पर डीएम आकाशदीप और एसपी मनोज झा वहां पहुंचे थे और नेपाली अधिकारियों से वार्ता कर सौहार्द कायम रखने की अपील की थी। जिसके बाद नेपाल के कैलाली धनगढ़ी का प्रशासन भी सख्त हुुआ और गतिरोध को दूर करने की कोशिश की। हालांकि एसएसबी और पुलिस आदि विभाग सतर्कता बरत रहे हैं। दोनों से आने जाने वालों की सघन तलाशी ली जा रही है और भारी मात्रा में एसएसबी जवान और पुलिस तैनात है। अधिकारी भी नजर रख रहे हैं और नेपाल के अधिकारियों के संपर्क में हैं। 
विज्ञापन

------
वाहनों की लगी है कतार
शुक्रवार को माहौल खराब होने के चलते सीमा पार नेपाल जाने वाले बड़े वाहन गौरीफंटा में रुक गए थे और उनकी कतार लग गई थी। जो शुक्रवार को भी लगी रही। 
बसही से जुलूस पहुंचा धनगढ़ी
बसही से एक जुलूस कैलाली जिला मुख्यालय धनगढ़ में वहां पहुंचा जहां कथित रूप से गोली लगने से मरे युवक गोविंद गौतम का शव रखा था। बताया गया है कि यहां जुलूस में शामिल लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और फिर वापस हो गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें