10 फरवरी को है पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की सभा
फायर ब्रिगेड और इंस्पेक्टर सदर ने 10 जनवरी की कर दी संस्तुति
पुलिस विभाग के अफसर कागजों को लेकर कितना सजग हैं यह देखने को तब मिला जब बसपा की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के चुनावी जनसभा कार्यक्रम की परमीशन के मामले में फायर ब्रिगेड और सदर कोतवाल की संस्तुति सहित लेटर सीओ सिटी के पास पहुंचा। उनकी नजर कार्यक्रम की तारीख पर पड़ी तो 10 जनवरी 17 तिथि देखकर वह हतप्रभ रह गए।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की चुनावी जनसभा शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर 10 फरवरी को होनी है। बसपा जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने सभा की परमीशन के लिए जब प्रार्थना पत्र दिया तो उसमें कार्यक्रम की तिथि 10 जनवरी 17 अंकित कर दी। खास बात यह है कि कार्यक्रम की अनुमति के लिए फायर ब्रिगेड और सदर कोतवाल ने बिना तारीख देखते हुए संस्तुति रिपोर्ट लगाते हुए लेटर को अग्रसारित कर दिया। जब यह कागज सीओ सिटी निर्मल कुमार बिष्ट के पास पहुंचा तो कार्यक्रम की तिथि 10 जनवरी 17 देखकर वह चौंक गए। उन्होंने नए सिरे से रिपोर्ट लगवाने का आदेश देते हुए संस्तुति करने से मना कर दिया। सीओ सिटी ने बताया कि परमीशन के लिए आए लेटर पर फायर ब्रिगेड और सदर कोतवाल की संस्तुति रिपोर्ट लगी हुई थी, लेकिन कार्यक्रम की तिथि 10 जनवरी 17 अंकित थी। दोनों अधिकारियों को तारीखों को देखकर रिपोर्ट देनी चाहिए थी। उन्होंने कार्यकर्ता को नए सिरे से रिपोर्ट लगवाकर अनुमति पत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा।
इस संबंध में बसपा जिलाध्यक्ष अजय चौधरी का कहना है कि 10 फरवरी के कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी गई है। भूलवश तारीख में अंतर हो सकता है, जिसका सुधार करा लिया जाएगा।