लखीमपुर खीरी में नीट को लेकर सातों परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच के बीच अभ्यर्थियों को गुजरना पड़ा। कलावा, चेन, नोजपिन तक उतरवा दी गई, तब अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
लखीमपुर खीरी के सात केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान अभ्यर्थियों की कलाई से कलावा और नोजपिन तक उतरवा दी गई। शहर के सातों केंद्र पर कुल 3227 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
विज्ञापन
सुबह करीब 11:30 बजे से अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया जाना शुरू हुआ। प्रवेश से पहले ही सख्त जांच प्रक्रिया शुरू हो गई थी। सख्ती के चलते अभ्यर्थियों ने कलाई पर बंधा कलावा, गले की चेन, नाक की नोजपिन और बेल्ट जैसे सामान खुद उतारकर परिजनों को सौंपे। यह सख्ती परीक्षा केंद्रों पर कई स्तरों पर की गई। इसके बाद भी केंद्र के अंदर कई स्तर पर जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद दिखाई दी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई।
इन केंद्रों पर हुई परीक्षा
नीट यूजी शहर के राजकीय पॉलिटेक्निक, राजकीय इंटर कॉलेज, धर्मसभा इंटर कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज, युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भगवानदीन आर्यकन्या इंटर कॉलेज और अब्दुल कलाम आजाद बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित की गई। इन सभी सात केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अभ्यर्थियों ने भी नियमों का पालन करते हुए सहयोग किया।