जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे मौर्या कॉलोनी निवासी योगेश रस्तोगी स्कूटी से घर जा रहे थे। डॉन बॉस्को के निकट नहरिया पर रास्ते में अचानक उनके गले में चीनी मांझा फंस गया, जिससे उनका गला कट गया। स्कूटी सहित गिरने से हाथ पैर में कई जगह चोटें भी आईं हैं। काफी खून बह जाने के चलते वह काफी देर तक बेहोश पड़े रहे। वहां से गुजर रहे लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां काफी देर तक चले इलाज के बाद होश आया। योगेश ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के मुताबिक योगेश का उपचार चल रहा है। मांझे से कटने से गले पर गहरा घाव हुआ है।
चीनी मांझे से कई हादसे हो चुके हैं। पलियाकलां क्षेत्र में 24 जनवरी को चीनी मांझे की चपेट में आकर एक चकबंदी लेखपाल घायल हो गए थे। उनकी नाक कट गई थी। पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर में 11 जनवरी को चीनी मांझे से बाइक सवार सिपाही शाहरुख की गर्दन कट गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।