मैलानी। एनई रेलवे ने बीते वित्तीय वर्ष में स्वच्छ भारत मिशन और मिशन जीरो स्क्रैप नीति के तहत स्क्रैप निस्तारण में उल्लेखनीय वृद्धि कर 214 करोड़, सात लाख का राजस्व प्राप्त किया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत रेल परिसरों और पटरियों के किनारे पड़ी अवांछित, निष्प्रयोज्य सामग्री, परित्यक्त इमारतों और भवनों की पहचान कर निस्तारण किया गया। इससे राजस्व प्राप्ति के साथ रेल परिसर और पटरियों को स्वच्छ रखने में भी सफलता मिली है।
बीते वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान मिशन जीरो स्क्रैप के तहत 214.07 करोड़ की आय हुई, जोकि रेलवे बोर्ड के लक्ष्य से 19 प्रतिशत अधिक है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में भी 29.46 करोड़ राजस्व की प्राप्ति स्क्रैप निस्तारण से हो चुकी है। स्क्रैप निस्तारण से रेल परिसर और पटरियां साफ सुथरी होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी गति मिली है।
मैलानी में भी ध्वस्त हो चुके हैं परित्यक्त भवन
मिशन जीरो स्क्रैप निस्तारण नीति के तहत यहां भी रेलवे के दर्जनों परित्यक्त आवासों को ध्वस्त कर उनका मलबा नीलाम किया जा चुका है। मीटरगेज के मालगाड़ी और यात्री कोचों को भी नीलाम किया जा चुका है।