मझगईं। लोधपुरवा में आयोजित डॉ. मोहम्मद हसन नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। रोमांचक मैच में नौशाद इलेवन ने गोविंदपुर इलेवन को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में नौशाद इलेवन के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोविंदपुर इलेवन ने निर्धारित 16 ओवर में 134 रन बनाए। टीम की ओर से जसविंदर सिंह ने 26 गेंदों पर 41 रन और कप्तान अनुज जायसवाल ने 22 गेंदों पर 37 रन की तेज पारी खेली। धर्म सिंह ने 20 रन और संतोष गौतम ने तीन गेंदों पर 10 रन का योगदान दिया।
नौशाद इलेवन की ओर से गेंदबाज अनिकेत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिए। शिवांग ने दो ओवर में 15 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नौशाद इलेवन की टीम ने 12.3 ओवर में पांच विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। टीम की ओर से मनोज यादव ने 16 गेंदों पर 25 रन, वीरेंद्र ने 12 गेंदों पर 14 रन और सब्बू ने 15 रन बनाए।
बेहतरीन गेंदबाजी के लिए अनिकेत को मैच का हीरो चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने पर विश्व को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि आयकर अधिकारी जितेंद्र वर्मा रहे। विजेता टीम को आयोजन समिति के इमरान, अफजल, अकरम, हिदायत अली, अतीक अहमद और कबीर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।