नशामुक्ति के लिए हुई युवा गोष्ठी में लिया सामूहिक संकल्प
अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ ने खमरिया स्थित श्री गायत्री शक्तिपीठ पर ईसानगर ब्लॉक के गायत्री परिजनों, युवा मंडल और महिला मंडल के कार्यकर्ताओं की गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें पूरे राज्य में नशीले पदार्थों के उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाकर प्रदेश को नशामुक्त घोषित करने की मांग की गई।
गोष्ठी में प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ द्वारा शुरू किए गए नशामुक्त उत्तर प्रदेश हस्ताक्षर अभियान को ब्लॉक ईसानगर में सक्रिय गति देने की योजना बनाई गई और आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। युवा प्रकोष्ठ के कुलदीप वर्मा और अनुराग मौर्य ने गोष्ठी का संचालन कर हस्ताक्षर अभियान को संचालित करने के प्रभावी तरीके बताए। ब्लॉक के सभी कार्यकर्ताओं को हस्ताक्षर अभियान के लिए आवश्यक पत्रक, फाइल, बैनर आदि सामग्री उपलब्ध कराई गई। गोष्ठी में समाजसेवी शिक्षक आलोक रंजन मुखर्जी, युवा प्रकोष्ठ के ब्लॉक समन्वयक मुरलीधर वर्मा ने अभियान को व्यापक बनाने संबंधी अपने विचार रखे। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शक्तिपीठ स्थित प्रज्ञेश्वर महाकाल शिवलिंग की छत्रछाया में एक स्वर में ब्लॉक ईसानगर से एक लाख हस्ताक्षर करवाने का संकल्प लिया। खमरिया पहुंचे राज्यसभा सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए अपना योगदान देने की बात कही। इस दौरान शक्तिपीठ के मुरलीधर मौर्य, राजेन्द्र कांगड़ी, नेहा गुप्ता, अहिल्या देवी, प्रदीप यादव, वीरेंद्र मिश्रा, वीपी रस्तोगी, रामशंकर मौर्य, सुशील वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।