लखीमपुर खीरी। नगरपालिका एक ओर स्वच्छता पखवाड़ा मनाकर शहरवासियों को आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित कर रही है। वहीं दूसरी ओर शहर गंदगी से कराह रहा है। बारिश के बाद जगह-जगह कूड़ा सड़क पर तैर रहा है। जलभराव से संक्रमण के फैलने का खतरा बढ़ गया है। पटेलनगर, एलआरपी मार्ग, गोटैय्याबाग, शिव कॉलोनी और अन्य मोहल्ले इस समस्या से ग्रस्त हैं।
मोहल्ला पटेलनगर में निजी आईटीआई संस्थान को जाने वाले रास्ते से जुड़ी गली में करीब एक सप्ताह से नाली का गंदा पानी भरा है। शुक्रवार को बारिश के बाद जलभराव से हालात और बदत्तर हो गए। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि शिकायतों के बावजूद जलनिकासी के इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ओवरब्रिज ढलान से एलआरपी चौराहे तक सड़क किनारे कई जगह पानी भरा है। वहीं गोटैय्याबाग, शिव काॅलोनी और अन्य मोहल्लों में भी जलजमाव की समस्या है।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक मुरारीलाल ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा चल रहा है। अभियान चलाकर साफ-सफाई कराई जा रही है। कई मोहल्लों में सफाई कराई जा चुकी है। जलभराव वाले कुछ इलाके रह गए हैं। पानी निकलने के बाद सफाई कराई जाएगी।
महाराजनगर में गंदे पानी में सड़ रहा कचरा
महाराजनगर के रघुवर बाग में घरों के बीच खाली पड़े प्लाॅटों में भरे गंदे पानी में कूड़ा और प्लास्टिक सड़ रहा है। इसकी दुर्गंध मोहल्ले वालाें को बीमार कर रही है। लोग बुखार से परेशान हैं। इस गंदे पानी के पास ही एक हैंडपंप भी लगा है। नल का पानी भी दूषित हो गया है। मोहल्ला गोटैय्या बाग में भी सड़क पर कूड़े का ढेर लगा है। बलदेव नगर में भी गंदगी की भरमार है। मोहल्ला निवासी पप्पू, मो. हबीब, गोलू, रमेश, नीरज आदि डेंगू की चपेट में आ चुके हैं।