मोहम्मदी-शाहजहांपुुर मार्ग पर रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर
विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे शाहजहांपुर
थाना पसगवां क्षेत्र में मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर महमदपुर ताजपुर गांव के पास रोडवेज बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 10 वर्षीय बालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि शिक्षक और उनके दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। शिक्षक के दोस्त को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
वनकागांव के नालंदा इंटर कॉलेज के शिक्षक प्रमोद गौरव सोमवार की देरशाम 8.30 बजे अपने 10 वर्षीय बेटे शुचित के साथ अपने गांव गौहनियां आलम थाना पसगवां से शाहजहांपुर एक मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। साथ में उनके दोस्त अमित भी थे। गांव के बाहर शाहजहांपुर-मोहम्मदी रोड पर पहुंचे ही थे कि मोहम्मदी की ओर से आई रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे शिक्षक प्रमोद गौरव के बेटे शुचित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि 30 वर्षीय प्रमोद गौरव और उनके मित्र 28 वर्षीय अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर महमदपुर ताजपुर चौकी पुलिस और परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल शाहजहांपुर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने शिक्षक प्रमोद गौरव और उनके दोस्त अमित की हालत गंभीर होने पर प्राइवेट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मंगलवार की सुबह अमित की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। घायल अमित ने बरेली ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। प्रमोद गौरव का इलाज चल रहा है, जो नालंदा इंटर कॉलेज वनकागांव में अंग्रेजी प्रवक्ता हैं। अमित चार बहनों में इकलौता भाई था। अमित के तीन बच्चे हैं। शुचित और अमित की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम है।