दुर्घटना में क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर। संवाद
मैगलगंज। ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में हुई टक्कर में ट्रक चालक और हेल्पर की मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ट्रैक्टर चालक का उपचार चल रहा है, उसकी हालत गंभीर बताई जाती है।
सीतापुर जिले के महोली कोतवाली क्षेत्र के बहुबनी गांव निवासी ट्रैक्टर चालक पेशकार सोमवार सुबह लगभग आठ बजे डीएससीएल अजबापुर चीनी मिल में गन्ना आपूर्ति कर गांव लौट रहा था। बताते हैं ट्रैक्टर चालक गलत दिशा में चल रहा था। जैसे ही वह मैगलगंज बाइपास एनएच 30 के लिधियाई मोड़ के पास पहुंचा तभी सीतापुर की तरफ से आ रहे लांग बॉडी ट्रेलर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। ट्रॉली डिवाइडर पर चढ़ गई, वहीं ट्रेलर ट्रक हाईवे किनारे गहरी खाई में जाकर पलट गया। ट्रेलर के पीछे चल रहे अन्य ट्रक चालकों ने मौके पर रुककर डायल 112 पुलिस समेत एंबुलेंस को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना पाकर एसआई विनोद कुमार सिंह समेत आसपड़ोस के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को खाई में पलटे ट्रेलर के केबिन से किसी की आवाज सुनाई दी तो पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगाकर केबिन को सीधा कराकर उसमें दबे चालक व हेल्पर को बाहर निकाला।
हादसे में 30 वर्षीय ट्रक चालक आजाद पुत्र मुशर्रफ निवासी गोहाना जिला मुजफ्फरनगर की दबकर मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल हुए ट्रक के हेल्पर जुनैद और ट्रैक्टर चालक पेशकार को उपचार के लिए नजदीकी सीएचसी महोली सीतापुर भेजा गया। जहां उपचार के दौरान जुनैद की भी मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक पेशकार की हालत भी गंभीर बताई जा रही थी।