घटनास्थल की जांच करतीं सीओ सिटी महक शर्मा। संवाद
फरधान(लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के रुकुंदीपुर गांव निवासी संदीप सोनी का पांच वर्षीय पुत्र अहम उर्फ रतन सोनी सोमवार देर शाम घर के पास बच्चों के साथ खेलते समय अचानक लापता हो गया था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के पास झाड़ियों से मिला।
परिजन के अनुसार, सोमवार की देर शाम घर के पास बच्चों के साथ खेलते समय अचानक लापता हो गया था, तभी से परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे। इधर मंगलवार को सुबह लापता बच्चे का शव मिलने की सूचना पर सीओ सिटी महक शर्मा, नायब तहसीलदार आलोक कुमार मिश्रा और एसओ निराला तिवारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। फिलहाल प्रथम दृष्टया घटना किसी हिंसक जंगली वन्यजीव के हमले की जताई जा रही है। सूचना पाकर मौके पर वन विभाग की टीम मौके पहुंचकर छानबीन कर रही है।
पुलिस और वन विभाग मामले की संयुक्त जांच कर रहे
मासूम अहम उर्फ रतन का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। दोनों पैर घुटने के नीचे से कटे हुए अलग पड़े मिले, वहीं शरीर और चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत था। देखने वालों की रूह कांप गई। सीओ सिटी महक शर्मा ने बताया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी थी तभी से तलाश की जा रही थी। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जानकारी पता चल सकेगी। फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की संयुक्त जांच कर रहे हैं। किसी हिंसक वन्यजीव होने की संभावना है।
घटनास्थल से लेकर कई जगह लगेंगे कैमरे
अहम उर्फ रतन का शव मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी क्षेत्र में तलाश करते रहे। देर शाम तक किसी जानवर के पैरों के निशान नहीं मिले हैं, जबकि संदीप सोनी के आस-पास मकानों में एक पड़िया और बकरी के कानों पर घाव देखने को मिले है। इससे किसी हिंसक वन्यजीव होने की पुष्टि हुई है। डीएफओ साउथ तापस मिहिर ने बताया कि मौके जाकर सर्च अभियान कराया जा रहा है। रात तक घटनास्थल, पड़िया पर हमला करने और संदीप के पास समेत चार जगह कैमरे लगाए जाएंगे।
घटनास्थल की जांच करतीं सीओ सिटी महक शर्मा। संवाद
घटनास्थल की जांच करतीं सीओ सिटी महक शर्मा। संवाद