मासूम का फाइल फोटो, घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी के फरधान क्षेत्र में सोमवार शाम घर के पास से अचानक लापता हुए पांच वर्षीय बालक का क्षत-विक्षत शव घर के पीछे झाड़ियां में पड़ा मिला। परिजनों और पुलिस को किसी हिंसक पशु के हमले को आशंका है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की जांच कर रही है।
फरधान थाना क्षेत्र के रुकुंदीपुर निवासी संदीप सोनी के लापता पांच वर्षीय पुत्र रतन सोनी का शव मंगलवार की सुबह झाड़ियों से बरामद हुआ। उसके दोनों पैर घुटने के नीचे से अलग मिले। साथ ही शरीर और चेहरा पर क्षत-विक्षत था। परिजनों के अनुसार सोमवार देर शाम को घर के पास बच्चों के साथ खेलते समय रतन अचानक लापता हुआ था। तभी से परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे।
जंगली जानवर के हमले की आशंका
शव मिलने की सूचना पर सीओ सिटी महक शर्मा, नायब तहसीलदार आलोक कुमार मिश्रा और एसओ निराला तिवारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किसी हिंसक जंगली वन्यजीव के हमले की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पाकर वन विभाग की टीम ने मौके पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी हिंसक पशु के होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत्यु के कारण का पता चलने पर ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल जांच की जा रही है।