गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव धौरहरा खुर्द में बुजुर्ग बाबा ने पोते से पड़िया बांधने को कहा तो उसने इंकार कर दिया। इससे नाराज बाबा ने पोते को डांट दिया तो पोता आग बबूला हो गया और उसने सब्जी काटने वाले चाकू से बाबा पर हमला कर दिया। इस घटना में बाबा घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। आरोपी युवक के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धौरहरा खुर्द निवासी विश्राम लाल ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि वह दिव्यांग है। उसका 19 वर्षीय बेटा अजय कुमार उर्फ सूरज झगड़ालू किस्म का है जो आए दिन परिवार वालों से झगड़ा करता है। नौ मई की शाम करीब सात बजे जब अजय गोला से वापस आया तो दादा बेचे लाल ने अजय से पड़िया बांधने के लिए कहा लेकिन उसने मना कर दिया। जिस पर बेचे लाल उसे डांटने लगे। नाराज होकर अजय ने सब्जी काटने वाले चाकू से बेचे लाल पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल जाते वक्त रास्ते में उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।