लखीमपुर खीरी। मासूम से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने ‘बहादुरी’ दिखाते हुए नामजद हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अभी जांच पड़ताल के कई बिंदुओं पर काम नहीं किया गया है। इसमें डीएनए और स्लाइड टेस्ट शामिल है। दोनों टेस्ट इस घटना के सही खुलासे में महत्वपूर्ण होंगे। पुलिस का कहना है कि उसने आरोपी के कपड़े कब्जे में लिए हैं, जिन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजकर जांच कराएगी।
थाना सिंगाही क्षेत्र में दो सितंबर की सुबह तीन साल की मासूम घर से लापता हो गई थी। अगले दिन सुबह उसका शव गन्ने के खेत में मिला था। शव मिलने के बाद परिवार वालों ने गांव के ही लेखराम गौतम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि हुई थी। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने आनन-फानन में शुक्रवार की दोपहर आरोपी लेखराम गौतम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। थाना पुलिस का कहना है कि वह घटनास्थल से जुटाए गए फोरेसिंक साक्ष्यों और आरोपी का डीएनए टेस्ट कराएगी। घटना के दिन आरोपी ने जो कपड़े पहने थे पुलिस ने उन्हें भी कब्जे में लिया है। पुलिस इन कपड़ों को भी विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजकर जांच कराएगी। इससे घटना से जुड़े कई राज खुलकर सामने आ सकेंगे।
फोरेंसिक साक्ष्य मौके से जुटाए गए हैं, जो आरोपी से काफी मेल भी खा रहे हैं। आरोपी का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। आरोपी के कपड़ों को कब्जे में लिया गया है, जिन्हें जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जा रहा है।
-सत्येंद्र कुमार सिंह, एसपी