लखीमपुर खीरी। शहर में हुए वैभव हत्याकांड मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
शनिवार की रात मोहल्ला मिश्राना में इमली चौराहा निवासी वैभव शाह उर्फ छोटू (19) की उसके ही दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई अधिकांश शाह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसका भाई वैभव शाह उर्फ छोटू अपने दो साथियों विवेक गुप्ता और नमन कश्यप के साथ घर के बाहर खड़ा था। उसी समय पड़ोस में रहने वाले शिवम तिवारी अपना कुत्ता टहलाते हुए घर के पास वाली गली से निकले। उसी समय शिवम तिवारी का भाई सत्यम तिवारी भी अपने घर से बाहर आ गया। कुछ दिन पूर्व शिवम और सत्यम से वैभव की कहासुनी हो गई थी। सत्यम तिवारी के बुलाने पर वैभव जब पास पहुंचा तो इसी बीच शिवम के उकसाने पर सत्यम ने तमंचे से वैभव को गोली मार दी, जिससे उसके भाई की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर सत्यम तिवारी और शिवम तिवारी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सत्यम तिवारी को गिरफ्तार कर चालान भेजा है, जबकि शिवम तिवारी की तलाश में संभावित स्थानों पर पुलिस छापे मार रही है।